मंदसौर / नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)–प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय परिसर में राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने विशेष रूप से तैयार किए गए निक्षय वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर एवं जिला योजना समिति सदस्य श्री राजेश दीक्षित भी उपस्थित रहे। राज्यसभा सांसद श्री गुर्जर द्वारा सांसद निधि से 6 लाख 50 हजार रुपये की राशि प्रदान कर इस निक्षय वाहन को तैयार कराया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत के संकल्प तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के आह्वान पर यह पहल की गई है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती रमादेवी गुर्जर द्वारा प्रदान की गई राशि से 25 फूड बास्केट आहार किट भी वितरित की गईं। लगभग 6.50 लाख रुपये की लागत से तैयार इस निक्षय वाहन में एक्स-रे सुविधा सहित कई आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह वाहन मंदसौर जिले के 905 ग्रामों तथा सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में भ्रमण कर टीबी रोग के प्रति जनजागरूकता फैलाने का कार्य करेगा। इस अवसर पर सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि टीबी रोग लाइलाज नहीं है और समय पर उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि टीबी को हराने के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है तथा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में मंदसौर जिला बेहतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिला क्षय विभाग को प्रचार-प्रसार हेतु वाहन की आवश्यकता थी, जिसे सांसद निधि से पूरा किया गया।
