बांदा के युवाओं के कौशल को लगेंगे ‘पंख’, टाटा के संग संवरेगा मोतिहारी ITI का स्वरूप* 

Blog

 

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

 

बांदा  ।* बुंदेलखंड की धरती से पिछड़ेपन का दाग मिटाने और युवाओं को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। जनपद के मोतिहारी गांव में स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) अब नए कलेवर में नजर आएगा। टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से इस संस्थान का कायाकल्प कर इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा और इसको लेकर प्रदेश सरकार ने इसके लिए 4.39 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट आवंटित करते हुए शासनादेश जारी कर दिया है।

 

*अत्याधुनिक कार्यशाला और ट्रेनिंग रूम होंगे आकर्षण*

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच के अनुरूप मोतिहारी ITI में अत्याधुनिक कार्यशाला और हाई-टेक ट्रेनिंग रूम का निर्माण किया जाएगा। यहां युवाओं को केवल किताबी ज्ञान नहीं बल्कि आधुनिक मशीनों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। टाटा टेक्नोलॉजीज के तकनीकी सहयोग से संस्थान में ऐसे ट्रेड और मशीनें स्थापित की जाएंगी जो बड़े औद्योगिक मानकों के अनुरूप होंगी।

 

*यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन को मिली जिम्मेदारी*

 

सरकार ने इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए मिशन मोड में काम शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड को सौंपी गई है। शासन की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि गुणवत्ता से समझौता किए बिना 27 अक्टूबर 2026 तक इस प्रोजेक्ट को पूर्ण कर लिया जाए। यह प्रोजेक्ट बुंदेलखंड के युवाओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। कहा जाए तो वर्तमान सरकार जिस तरह से तकनीकी शिक्षा पर निवेश कर रही है उससे बांदा अब विकास की दौड़ में अग्रणी जिला बनकर उभरेगा और आधुनिक प्रशिक्षण मिलने से यहां के युवाओं को देश-दुनिया की बड़ी कंपनियों में आसानी से रोजगार मिल सकेगा और उन्हें पलायन नहीं करना पड़ेगा।

 

योगी सरकार का यह प्रयास स्पष्ट करता है कि बुंदेलखंड अब उनकी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। मोतिहारी ITI का बदला स्वरूप न केवल जिले की तस्वीर बदलेगा बल्कि यह संस्थान स्किल्ड इंडिया और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *