– अनिल कुमार प्रभाकर की रिपोर्ट
उरई, जालौन : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया तथा केन्द्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं सुरक्षा प्रबंधों की बारीकी से जांच करते हुए निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके लिए सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
वहीं पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल को निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराना पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी है।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जाए।
