राघवेन्द्र शर्मा उरई (जालौन)। एट थाना क्षेत्र अंतर्गत जखोली गांव में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 26 वर्षीय शशि कला ने घर के कमरे में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर के सभी सदस्य खेत पर काम करने गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो शशि कला कमरे में फंदे पर लटकी हुई मिलीं। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतका के चाचा विजय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शशि कला की मौत से पिता अशोक कुमार, मां भगवती देवी सहित तीन बहनों और दो भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
