उद्यान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन

Blog

 

 

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, के उद्यान महाविद्यालय एनएसएस इकाई-5 द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन ग्राम माहोखर में आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन उद्यान महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं इकाई अध्यक्ष प्रो. एस.वी. द्विवेदी तथा एनएसएस समन्वयक डॉ. आनंद चौबे के सक्रिय सहयोग और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सचिन कुमार ने किया, जबकि डॉ. सुखवीर सिंह एवं डॉ. अजय मौर्य ने मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सात दिनों तक चले इस सघन अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्राम महोखर को अपना मुख्य केंद्र बनाया। यहाँ विभिन्न रैलियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। सेवा भाव की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए टीम ने ‘स्पर्श’ राजकीय दृष्टिबाधित बालक इंटर कॉलेज में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। इसके अतिरिक्त, स्वयंसेवकों ने ग्राम महोखर के प्राचीन मंदिरों, तालाबों और स्थानीय उच्च प्राथमिक विद्यालय-2 के परिसर की साफ-सफाई कर ग्रामीणों को ‘श्रमदान’ का महत्व समझाया।

दिन भर के मैदानी कार्यों के उपरांत स्वयंसेवकों के बीच नेतृत्व क्षमता और आपसी तालमेल बढ़ाने के लिए सामूहिक भोजन पकाने, कविता पाठ, और गायन जैसे सांस्कृतिक सत्रों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों ने छात्रों में अनुशासन और टीम भावना का संचार किया।

शिविर के अंतिम दिन आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अधिष्ठाता प्रो. एस.वी. द्विवेदी एवं डॉ. आनंद चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्रों द्वारा किए गए निस्वार्थ श्रमदान की भूरी-भूरी प्रशंसा की और उन्हें भविष्य में भी समाज सेवा के प्रति समर्पित रहने हेतु प्रेरित किया।

​इस सफल आयोजन में ग्राम महौखर के प्रधान श्री धीरेंद्र सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री शुक्ला जी एवं छात्रावास अधीक्षक श्री अजीत सिंह का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *