अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा i कभी उपेक्षा और पिछड़ेपन की मार झेलने वाला बुंदेलखंड का चित्रकूट मण्डल आज उत्तर प्रदेश के विकास का नया ‘ग्रोथ इंजन’ बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास के विजन ने पिछले 9 वर्षों में बांदा, हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट की भौगोलिक और आर्थिक स्थिति को पूरी तरह बदल दिया है। यहां बुंदलेखंड एक्सप्रेस-वे की रफ्तार, बुंदेलखंड औद्योगिक कॉरिडोर और डिफेंस कॉरिडोर की ताकत अब इस क्षेत्र को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दे रहे हैं।
*बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे बना इस क्षेत्र के विकास की जीवनरेखा*
चित्रकूट मण्डल के विकास में सबसे बड़ा मील का पत्थर ‘बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे’ साबित हुआ है। 14,850 करोड़ रुपये की लागत से बने चित्रकूट के भरतकूप के गोड़ा गांव से शुरू होकर इटावा तक जाने वाले इस 296 किमी लंबे एक्सप्रेस-वे ने दिल्ली की दूरी को समेट दिया है। इसने न केवल यहां के लोगों के लिए आवागमन को सुगम बनाया है बल्कि बांदा और हमीरपुर जैसे जिलों में औद्योगिक निवेश के द्वार भी खोल दिए हैं। वहीं अब चित्रकूट लिंक एक्सप्रेस-वे के जरिए इसे और भी विस्तार देने की तैयारी चल रही है।
*डिफेंस कॉरिडोर और बुंदलेखंड इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से होगी औद्योगिक क्रांति*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से चित्रकूट अब ‘शस्त्र निर्माण’ का केंद्र बनने जा रहा है। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत चित्रकूट नोड में बड़े पैमाने पर निवेश धरातल पर उतर रहा है। एक्सप्रेस-वे के किनारे प्रस्तावित औद्योगिक शहरों और महोबा-बांदा में विकसित हो रहे क्लस्टर्स से स्थानीय युवाओं को अपने घर के पास ही रोजगार मिलेगा जिससे पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी।
*क्षेत्र के लोगों की प्यास बुझी और खेत लहलहाए*
‘हर घर नल योजना’ ने बुंदेलखंड के माथे से सूखे का कलंक मिटा दिया है। जल जीवन मिशन के तहत मण्डल के चारों जिलों के दुर्गम गांवों तक पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। महोबा में अर्जुन सहायक जैसी सिंचाई परियोजनाओं के पूर्ण होने से बांदा और महोबा के किसानों के चेहरे खिले हैं। जिससे कृषि क्षेत्र में नई खुशहाली आई है।
*सरकार ने लिखा पर्यटन और कनेक्टिविटी का नया अध्याय*
भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट में एयरपोर्ट का संचालन शुरू होना पर्यटन उद्योग के लिए ‘गेम चेंजर’ साबित होने वाला है। रामघाट का सौंदर्यीकरण, बांदा के ऐतिहासिक कालिंजर किले का जीर्णोद्धार और महोबा के रहेलिया सूर्य मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों के विकास ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की है। आधुनिक बस स्टेशनों और बेहतर रेल कनेक्टिविटी ने इस मण्डल के बुनियादी ढांचे को महानगरों की तर्ज पर खड़ा कर दिया है।
*मंडल में सौर्य ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 7 प्लांट प्रस्तावित*
चित्रकूट मंडल को उत्तर प्रदेश का सौर ऊर्जा हब बनाने के लिए सरकार ने बड़े स्तर पर परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत 7 प्लांट प्रस्तावित हैं। चित्रकूट जिले में मुख्य रूप से 800 मेगावाट का एक विशाल अल्ट्रा मेगा सौर ऊर्जा पार्क स्थापित किया जा रहा है।
