कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने दीप दर्पण पत्रिका का किया विमोचन

Blog

 

मंदसौर/नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)–कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन द्वारा दीप दर्पण पत्रिका का विधिवत विमोचन किया। विकासखंड सीतामऊ अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दीपाखेड़ा द्वारा विद्यालय पत्रिका दीप दर्पण का प्रकाशन किया गया।
विद्यालय की इस पहली पत्रिका में विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विद्वान शिक्षकों के आलेखों का समावेश किया गया है। पत्रिका को आकर्षक एवं सचित्र रूप में प्रकाशित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को विद्यालय की गतिविधियों की व्यापक जानकारी प्राप्त हो सके।
विद्यालय के प्राचार्य दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि दीप दर्पण विद्यालय की प्रथम पत्रिका है और भविष्य में भी इस प्रकार के प्रकाशन का क्रम निरंतर जारी रखा जाएगा। इससे विद्यार्थियों में लेखन एवं पठन के प्रति रुचि विकसित होगी तथा उन्हें अपनी रचनाओं को अभिव्यक्त करने का मंच मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को साहित्य से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है और विद्यालय का यह प्रयास इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
विमोचन कार्यक्रम के दौरान रामेश्वर डांगी जिला परियोजना समन्वयक, पत्रिका के संपादक मंडल के सदस्यगण एवं विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *