सिंघोला में माँ भानेश्वरी शक्ति पीठ में चैत्र नवरात्रि महोत्सव 18 मार्च से**

Blog

   शिव शर्मा की रिपोर्ट

शिव शर्मा की रिपोर्ट

राजनांदगांव। ग्राम सिंघोला स्थित माँ भानेश्वरी शक्ति पीठ में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। माँ भानेश्वरी शक्तिपीठ समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
माँ भानेश्वरी शक्ति पीठ में चैत्र नवरात्रि पर्व के अंतर्गत 18 मार्च 2026, बुधवार को चैत्र कृष्ण पक्ष चतुर्दशी के दिन दीप प्रज्ज्वलन एवं ज्योति स्थापना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात 22 मार्च 2026, रविवार को चैत्र शुक्ल पक्ष पंचमी के अवसर पर कलश स्थापना की जाएगी।
नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन शाम 6 बजे से देवी जस एवं भजन-कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से माता रानी की आराधना करेंगे।
आयोजन के अंतर्गत 25 मार्च 2026, बुधवार को चैत्र शुक्ल पक्ष सप्तमी के दिन हवन, यज्ञ, पूजन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। वहीं 26 मार्च 2026, गुरुवार को चैत्र शुक्ल पक्ष अष्टमी के दिन जंवारा विसर्जन एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आसपास के गांवों के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
समिति द्वारा बताया गया है कि रामनवमी एवं आश्विन शुक्ल पक्ष दुर्गा नवमी के अवसर पर भी ज्योति प्रज्ज्वलित की जाती है। श्रद्धालु घृत ज्योति के लिए 1501 रुपये तथा तेल ज्योति के लिए 1101 रुपये की राशि जमा कर माँ भानेश्वरी के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर सकते हैं। इसके साथ ही माता का जगराता एवं जस झांकी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
माँ भानेश्वरी शक्ति पीठ समिति के पदाधिकारियों में अध्यक्ष भोजराम साहू, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सुरेश साहू, सचिव रोशन साहू तथा सह सचिव कुबेर साहू सक्रिय रूप से आयोजन की तैयारी में लगे हुए हैं। वहीं संरक्षक मंडल में लखन साहू, पुरानिक साहू, रामबिलास, अमर सिंह एवं भुवन साहू शामिल हैं।
आयोजन स्थल माँ भानेश्वरी देवी तीर्थ स्थल, ग्राम सिंघोला राजनांदगांव से दक्षिण दिशा में बालोद रोड पर लगभग 8 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य एवं समस्त ग्रामवासी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर माँ भानेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *