यातायात विभाग का चला सघन चेकिंग अभियान, 200 से अधिक वाहनों का हुआ चालान* 

Blog

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

 

बांदा।        पुलिस उप महानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र श्री राजेश एस एवं पुलिस अधीक्षक श्री बंसल के निर्देशन में जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज तथा क्षेत्राधिकारी यातायात सौरभ सिंह के नेतृत्व में यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह   ने अपनी टीम के साथ विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों पर व्यापक जांच      अभियान संचालित किया।

अभियान के दौरान मवई बाईपास एवं महोखर बाईपास चौराहे पर वाहनों की सघन जांच की गई। चेकिंग के दौरान चार पहिया वाहनों में अवैध रूप से लगे हूटर, सायरन एवं काली फिल्म, दो पहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर तथा बिना एचएसआरपी नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 200 से अधिक वाहनों का चालान किया गया।

यातायात प्रभारी महेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, मानक अनुरूप नंबर प्लेट लगवाएं तथा अपने वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध संशोधन से बचें।

 

चेकिंग अभियान के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया, जिसमें वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *