मिशन शक्ति टीम ने मानसिक रूप से कमजोर युवक को परिजनों से मिलाया

Blog

 

अनिल कुमार प्रभाकर की रिपोर्ट
उरई, जालौन। पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार के निर्देशन में मिशन शक्ति केन्द्र थाना डकोर पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए मानसिक रूप से कमजोर एक युवक को उसके परिजनों से मिलाकर सकुशल सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार मिशन शक्ति टीम द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर छात्राओं, बालिकाओं एवं महिलाओं को जागरूक किया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम डकोर में एक मानसिक रूप से कमजोर व्यक्ति आवारा अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। टीम द्वारा उससे पूछताछ की गई, लेकिन वह अपनी सही जानकारी देने में असमर्थ रहा।
इसके बाद मिशन शक्ति टीम उसे मिशन शक्ति केन्द्र थाना डकोर लेकर आई और लगातार प्रयास कर उससे जानकारी प्राप्त की। युवक ने अपना जिला कौशाम्बी बताया, जिसके आधार पर डकोर पुलिस ने जनपद कौशाम्बी के विभिन्न थानों से संपर्क किया। जांच के दौरान उसकी पहचान शंकरलाल राजपूत के पुत्र के रूप में हुई, जो ग्राम दुरखरिया, कोतवाली मंझनपुर, जनपद कौशाम्बी का निवासी है।
परिजनों से संपर्क करने पर उसके पिता ने बताया कि उनका पुत्र मानसिक रूप से अस्वस्थ है और लगभग 12 वर्ष पहले बिना बताए घर से कहीं चला गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका था।
पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना देकर युवक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने गुमशुदा पुत्र के मिलने पर परिजनों ने जालौन पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *