अजाक्स जिला मंदसौर ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

 

मंदसौर/नाहरगढ (तुलसीराम राठौर)–
मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) जिला मंदसौर द्वारा जिला अध्यक्ष प्रहलाद कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल महोदय के नाम ज्ञापन सौंपकर भोपाल में आदिवासी छात्रों के साथ कथित अभद्रता एवं धमकी के मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को भोपाल में गोंडवाना छात्र संघ की रैली के दौरान निरीक्षक रतन सिंह परिहार एवं अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा आदिवासी समाज के सम्मानजनक अभिवादन जय जोहार पर कथित रूप से अमर्यादित टिप्पणी, गाली-गलौज तथा आदिवासी छात्रों को धमकाने की घटना सामने आई थी।
अजाक्स ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति व्यक्त करते हुए संबंधित निरीक्षक एवं संलिप्त पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष जाँच, कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई तथा लागू कानूनी प्रावधानों एवं अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
इस अवसर पर प्रांतीय संयुक्त सचिव जमना प्रसाद अहिरवार, जिला संरक्षक के.सी. सोलंकी, जिला उपाध्यक्ष रामनिवास सूर्यवंशी, जिला सचिव मनोज कुमार धानिया एवं चैनसिंह जमरा, अजाक्स जिला अध्यक्ष राजूलाल कटारा, जिला महासचिव रामप्रसाद ईरवार एवं एफ.सी. चौहान, जिला परामर्शदाता जीवराज डांगी, मल्हारगढ़ तहसील अध्यक्ष विजय कुमार देवड़ा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र कुमार चौहान एवं शैलेंद्र गोयल, मंदसौर तहसील अध्यक्ष राकेश कुमार डांगी, जिला संयुक्त सचिव राधेश्याम देवड़ा सहित अजाक्स के सदस्य उपस्थित रहे।
अजाक्स जिला मंदसौर ने कहा कि आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन प्रतिबद्ध है। ‘जय जोहार’ जैसे सम्मानजनक अभिवादन का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। संगठन ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जाँच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। जारीकर्ता जिलाध्यक्ष, म.प्र. अजाक्स जिला मंदसौर।
फोटो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *