अभिवादन एक्सप्रेस
सनत कुमार बुधौलिया
राजनांदगांव। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर वास्को-द-गामा–जसीडीह एक्सप्रेस (17321) तथा जसीडीह–वास्को-द-गामा एक्सप्रेस (17322) के ठहराव की मांग उठाई है। इस बावत राजनांदगांव लोकसभा के सांसद संतोष पांडे एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया गया है।
कैट का मानना है कि दोनों ट्रेनों का राजनांदगांव में ठहराव होने से शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को गोवा के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा। इससे पर्यटन, पारिवारिक यात्राओं और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
*व्यापार और पर्यटन को मिलेगा लाभ*
वास्को-द-गामा–जसीडीह एक्सप्रेस गोवा को देश के विभिन्न क्षेत्रों से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण साप्ताहिक रेल सेवा है। छत्तीसगढ़ में इस ट्रेन के निर्धारित ठहरावों का लाभ प्रदेश के यात्रियों को मिलता है। राजनांदगांव में ठहराव मिलने से जिले के यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूसरे शहरों तक जाने की आवश्यकता कम होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।
कैट ने रेलवे से आग्रह किया है कि राजनांदगांव की भौगोलिक स्थिति, यात्री सुविधाओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दोनों दिशाओं में इस ट्रेन का ठहराव स्वीकृत किया जाए।
*कैट पदाधिकारियों ने उठाई मांग*
इस मांग को उठाने वालों में कैट के प्रदेश संरक्षक अनिल बरडिया, जिला अध्यक्ष राजू डागा, संजय तेजवानी, भावेश अग्रवाल, संजय लड्ढा, अशोक पांडे, लक्ष्मण लोहिया, अमित खंडेलवाल, सूरज बुद्धदेव, राजा मखीजा, राजेश जैन सीए, प्रकाश कांकरिया एवं सागर चितलंगिया शामिल हैं।