. रूपेन्द्र साहू की रिपोर्ट
राजनांदगांव। ग्राम पंचायत सोमनी में किए गए विभिन्न मजदूरी कार्यों का भुगतान नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में ग्राम के पूर्व पंच बुधराम पटेल सहित अन्य ग्रामीणों ने कलेक्टर राजनांदगांव को लिखित शिकायत सौंपकर मजदूरी भुगतान कराने एवं संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत क्षेत्र में घर-घर जाकर जॉब कार्ड केवाईसी, मकान संबंधी जैक्स फॉर्म एवं एस.आर.आई. फॉर्म भरने, सड़क बत्ती सुधार, साफ-सफाई कार्य तथा शासकीय कार्य हेतु वाहन किराया जैसे विभिन्न कार्य किए गए थे। इन कार्यों के लिए मस्टररोल एवं बिल तैयार कर पंचायत बैठक में सर्वसम्मति से मजदूरी भुगतान का प्रस्ताव भी पारित किया गया था।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सचिव से मजदूरी भुगतान के संबंध में चर्चा करने पर बताया गया कि सरपंच द्वारा चेक जारी करने से मना किया गया है। वहीं सरपंच का कहना है कि उन्होंने किसी प्रकार का मजदूरी कार्य नहीं कराया है तथा पंचायत बैठक में पारित प्रस्ताव को गलत बताया है। सरपंच द्वारा यह भी कहा गया कि यदि कार्य सचिव या पंचों द्वारा कराया गया है तो वही भुगतान करें।
ग्रामीणों का आरोप है कि सभी कार्य सरपंच के निर्देश पर ही किए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि सरपंच द्वारा मौखिक रूप से जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का हवाला देते हुए मजदूरी भुगतान नहीं करने की बात कही गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मजदूरी की मांग करने पर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम पंचायत सोमनी में किए गए समस्त मजदूरी कार्यों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। शिकायत की प्रतिलिपि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं श्रम निरीक्षक कार्यालय को भी प्रेषित की गई है।
