“शिवरी कचरा निस्तारण प्लांट से रूफ टॉप गार्डनिंग तक, लखनऊ मॉडल को मिली राष्ट्रीय स्तर पर पहचान”

Blog

 

  सनत कुमार बुधौलिया

लखनऊ। शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शहरी नवाचार को नई दिशा देने वाले वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार राव का शुक्रवार को नागरिक संगठन ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति द्वारा सम्मान किया गया। महासमिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा, महासचिव विवेक शर्मा, उपाध्यक्ष रितेश श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष सौरभ सिंह तथा जितेन्द्र सिंह ने डॉ. राव से शिष्टाचार भेंट कर अभिनंदन पत्र सौंपा और उनके कार्यों को लखनऊ के लिए मील का पत्थर बताया।
डॉ. राव के कार्यकाल में नगर निगम लखनऊ ने पर्यावरणीय चुनौतियों को अवसरों में बदला। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर अपनाए गए नवाचारों के चलते शहर को वर्षों से चली आ रही कचरा समस्या से बड़ी राहत मिली। शिवरी कूड़ा निस्तारण प्लांट और C&D प्लांट के माध्यम से लाखों मीट्रिक टन कचरे का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण कर लखनऊ को स्वच्छता की दिशा में नई पहचान दिलाई गई।
शहर की हरियाली और सौंदर्यीकरण के प्रयासों का असर प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी–2026 में भी दिखा। इस प्रदर्शनी में नगर निगम लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पार्कों के बेहतर रखरखाव के लिए प्रथम तथा रूफ टॉप गार्डनिंग मॉडल के लिए द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। ये पुरस्कार महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा प्रदान किए गए।
डॉ. राव की कार्यशैली की गूंज प्रदेश के बाहर तक पहुंची। शिवरी प्लांट के जरिए किए गए कचरा निस्तारण की प्रशंसा बॉम्बे हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति ने की, वहीं बृहन्मुंबई महानगर निगम को लखनऊ नगर निगम के मॉडल से सीख लेने की सलाह दी गई। यह उपलब्धि लखनऊ के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के समान मानी जा रही है।
केवल स्वच्छता ही नहीं, बल्कि निराश्रित गोवंश की देख-रेख में भी डॉ. राव के प्रयासों की सराहना हो रही है। कान्हा उपवन गौशाला के कायाकल्प के माध्यम से पशु-कल्याण और जीव-सेवा की दिशा में ठोस कदम उठाए गए, जिससे शहर में मानवीय और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल कायम हुई।
सम्मान समारोह के दौरान महासमिति पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. अरविंद कुमार राव का कार्यकाल दिखाता है कि यदि प्रशासनिक इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो शहर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली जा सकती हैं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. राव ने नागरिक संगठनों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छ और हरित लखनऊ की दिशा में यह सामूहिक प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *