आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज बबीना का औचक निरीक्षण छात्रों ने किया खेल मैदान का आग्रह, भोजन व्यवस्था में सुधार के निर्देश*

Blog

   विजय द्विवेदी वरिष्ठ पत्रकार

       सनत कुमार बुधौलिया

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज बबीना का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं जानीं।
विद्यालय परिसर में पहुंचने पर छात्रों ने जिलाधिकारी के समक्ष खेल मैदान उपलब्ध कराए जाने का आग्रह किया। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर के निकट उपलब्ध सरकारी भूमि का चिन्हांकन किया जाए अथवा आवश्यकता होने पर किसानों को प्रेरित कर भूमि विनिमय के माध्यम से खेल मैदान की व्यवस्था की संभावनाएं तलाशी जाएं।
जिलाधिकारी द्वारा पढ़ाई की स्थिति पूछे जाने पर छात्रों ने बताया कि शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। वहीं भोजन व्यवस्था के संबंध में छात्रों ने अवगत कराया कि उन्हें भोजन तो दिया जाता है, लेकिन निर्धारित मैन्यू के अनुरूप दूध, अंडा एवं मौसमी फल नियमित रूप से उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। विद्यालय में भोजन व्यवस्था प्रेरणा उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित आनन्दी महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम भरसूड़ा द्वारा की जा रही है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मेनू चार्ट के अनुसार भोजन वितरण सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्रों के पोषण स्तर को ध्यान में रखते हुए मेनू के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे बच्चों को संतुलित एवं गुणवत्तापूर्ण आहार प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रों की शिक्षा, खेल एवं पोषण से जुड़ी आवश्यकताओं की पूर्ति शासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर यूपी जिला अधिकारी कालपी मनोज सिंह खंड विकास अधिकारी संदीप मिश्रा कॉलेज के शिक्षक आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *