22 फरवरी को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर,

Blog

विजय द्विवेदी वरिष्ठ पत्रकार

       सनत कुमार बुधौलिया 

आम नागरिकों को न्यायिक सहायता के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 22 फरवरी 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर की तैयारियों एवं उद्देश्यों को लेकर आज आयोजित प्रेस वार्ता में अपर जिला जज प्रथम/नोडल अधिकारी सतीश चन्द्र द्विवेदी ने विस्तृत जानकारी दी।
नोडल अधिकारी ने बताया कि इस मेगा शिविर के माध्यम से गरीब, वंचित, महिला, वृद्ध, दिव्यांग एवं अन्य जरूरतमंद वर्गों को निःशुल्क विधिक परामर्श, विवादों का समाधान, लोक अदालत से संबंधित जानकारी के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि माननीय जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति केवल जानकारी के अभाव में योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। इसके लिए जनपद के सभी विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जहां योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपनी योजनाओं की अद्यतन सूची समयबद्ध रूप से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराएं, जिससे शिविर को व्यवस्थित, सुचारु एवं अधिकतम जनोपयोगी बनाया जा सके।
इस अवसर पर सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी प्रथम, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *