राघवेंद्र मिश्रा की रिपोर्ट
उरई (जालौन )। बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाए जाने की मांग को लेकर मानव शक्ति पार्टी द्वारा दो दिवसीय पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा 22 दिसंबर को कालपी से प्रारंभ हुई जो 23 दिसंबर को उरई शहर के विभिन्न मार्गों से निकाली गयी पदयात्रा जिसका नेतृत्व मानव शक्ति पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव भगवान सिंह ने किया। पदयात्रा झांसी-कानपुर हाईवे मार्ग स्थित रानी लक्ष्मीबाई पार्क से शुरू होकर नगर का भ्रमण करते हुए आलमपुर बाईपास के रास्ते उरई के लिए रवाना हुई।
इस अवसर पर मानव शक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक यादव विशेष रूप से मौजूद रहे, उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड वर्षों से विकास से वंचित है। पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए बुंदेलखंड को अलग राज्य का दर्जा मिलना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।वहीं मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अशोक यादव ने भी सहभागिता की। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जा सकती। क्षेत्र के समग्र विकास, युवाओं को रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के लिए अलग बुंदेलखंड राज्य समय की मांग है। उन्होंने पदयात्रा को जनआंदोलन का रूप देने की अपील की। पदयात्रा में पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।पदयात्रा के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने बुंदेलखंड क्षेत्र की समस्याओं को उजागर करते हुए अलग राज्य की मांग को लेकर जन जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि बुंदेलखंड के सर्वांगीण विकास के लिए अलग राज्य अत्यंत आवश्यक है। इस मौके पर ऑपरेशन विजय योद्धा के जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह सेंगर, अमर सिंह चंदेल, बब्बन ठाकुर, बलबीर सिंह राजपूत, चन्द्रशेखर सिंह दोहरे, अभिषेक नागर, संदीप यादव, अरविन्द पाल एडवोकेट, मुकेश वर्मा, कृष्णकान्त यादव, विनोद यादव, गोविन्द टेकवार, आकाश यादव आदि लोग मौजूद रहे।
