शिव शर्मा छत्तीसगढ़ ब्यूरो चीफ
राजनांदगाँव ।, कांकेर (आमाबेड़ा) में धर्मांतरण के विरोध और जन-आवाज़ के समर्थन में ‘सर्व समाज छत्तीसगढ़’ द्वारा 24 दिसंबर 2025 दिन बुधवार को आहूत “छत्तीसगढ़ बंद” को *राजनांदगाँव चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री* ने अपना ऐतिहासिक एवं पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
राजनांदगाँव चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष श्री कमलेश बैद, महामंत्री श्री अरुण डुलानी एवं कोषाध्यक्ष श्री शिव अग्रवाल ने संयुक्त बयान जारी करते हुए शहर के समस्त व्यापारी बंधुओं से इस बंद को सफल बनाने का आह्वान किया है।
पदाधिकारियों ने कहा कि धर्मांतरण एवं समाज के विरुद्ध हो रहे अत्याचारों के खिलाफ अब व्यापारी समाज को भी एकजुट होकर मजबूती से खड़ा होना होगा। यह बंद केवल एक व्यापारिक निर्णय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक चेतना और न्याय के पक्ष में लिया गया एक दृढ़ संकल्प है। चेम्बर ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे 24 दिसंबर 2025 दिन बुध वार को अपने-अपने प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रखें और सर्व समाज के इस आंदोलन में अनुशासन, शांति एवं एकता के साथ अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
*मेडिकल और पेट्रोल पंप रहेंगे* *खुले*
चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने स्पष्ट किया है कि जनहित और आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मेडिकल स्टोर्स एवं पेट्रोल पंप इस बंद से मुक्त रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में जनता को असुविधा न हो।
चेम्बर पदाधिकारियों ने जोर देकर कहा कि व्यापारी समाज की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। राजनांदगाँव के व्यापारी इस बंद को पूर्णतः सफल बनाकर पूरे प्रदेश में एकता का स्पष्ट संदेश देंगे।
