गौशालाओं में बेहतर गोवंश की देखभाल सुनिश्चित करें- जिलाधिकारी

Blog

सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट

उरई।     जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक की करते हुए गौशालाओं में गोवंश की देखभाल और आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि गौशालाओं में सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने पाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गोवंश के लिए भूसा, पानी, चूनी, चोकर, खली एवं हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि गौशालाओं के शेड को तिरपाल से ढककर सुरक्षित बनाया जाए तथा अलाव की उचित व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही गोवंश के नीचे टाट या पट्टी बिछाकर उन्हें गर्माहट प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशालाओं में रखे जाने वाले अभिलेखों की सही स्थिति भी सुनिश्चित करने के लिए कहा। इसमें गोवंश के फोटोग्राफ, कैश बुक रजिस्टर, मृतक पंचनामा पंजिका, गणना पंजिका, केयरटेकर भुगतान व उपस्थिति पंजिका, निरीक्षण पंजिका तथा भूसा-चारा स्टॉक पंजिका जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों का नियमित संधारण शामिल है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि गोवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित ग्राम प्रधान, सचिव एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि गौशालाओं में नियमित रूप से केयरटेकर मौजूद रहें ताकि गोवंश की उचित देखभाल सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी, जिला विकास अधिकारी निशान्त पाण्डेय, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *