सुशील कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
खत्रीपहाड़ (बांदा): मां विंध्यवासिनी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार युवकों को रविवार देर शाम दर्दनाक हादसे का सामना करना पड़ा। पैगंबरपुर गांव के पास एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक पर बैठी एक महिला को खरोंच तक नहीं आई।गिरवां थाना प्रभारी सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि पड़ुई गांव निवासी तेजबहादुर उर्फ गोलू (18) अपने दोस्त बिल्लू यादव (22) के साथ खत्रीपहाड़ मातारानी के दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद दोनों एक महिला के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में पैगंबरपुर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तेजबहादुर सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक के नीचे आ गया। ट्रक उसे कुचलते हुए आगे निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उसका दोस्त बिल्लू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय बाइक पर एक महिला भी बैठी थी, हालांकि पुलिस ने महिला की मौजूदगी की पुष्टि नहीं की है। मृतक की मां भूरी देवी ने गिरवां थाने में तहरीर देकर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।q
