रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बटन दबाकर पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 618 हितग्राहियों को स्टेट सब्सिडी राशि 1.85 करोड़ रूपए उनके बैंक खातों में अंतरित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अब छत्तीसगढ़ के किसान और आम बिजली उपभोक्ता सोलर प्लांट लगाकर बिजली उत्पादक बन रहे हैं, वे बिजली उत्पादन कर ऊर्जादाता हो गए हैं। 2027 तक छत्तीसगढ़ के छह लाख घरों में सोलर रूफटाप संयंत्र लगाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सौर ऊर्जा जागरूकता अभियान एवं प्रोत्साहन समारोह में पीएम सूर्यघर योजना के प्रचार के लिए सूर्यरथ को भी हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया। इस अवसर पर विधायक श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पार्षद श्री आशु चंद्रवंशी सहित ऊर्जा सचिव व पॉवर कंपनी के अध्यक्ष डॉ. रोहित यादव, क्रेडा के सीईओ श्री राजेश कुमार राणा, पॉवर कंपनी के प्रबंध निदेशकगण श्री भीमसिंह कंवर (वितरण), श्री एसके कटियार (उत्पादन), श्री राजेश कुमार शुक्ला (पारेषण), निदेशक श्री आरए पाठक एवं नेशनल सोलर एनर्जी फाउंडेशन आफ इंडिया के उपाध्यक्ष श्री सुमन कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम में प्रदेशभर के पीएम सूर्यघर व पीएम कुसुम के योजना के लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने अपने घर की छतों पर और खेतों में सोलर रूपटाफ प्लांट लगाकर बिजली उत्पादन आरंभ कर दिया है। उन्होंने स्टेट सब्सिडी के रूप में प्रति व्यक्ति 1 से 3 केवी तक 15 से 30 हजार रुपए की राशि दी गई। पीएम कुसुम योजना के लाभार्थी किसानों को लेटर आफ अवार्ड प्रदान किया। इसमें सौर ऊर्जा लगाने वाले वेंडरों को भी सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना लागू की है। केंद्र सरकार इस योजना में तीन किलो वाट संयंत्र के लिए 78 हजार रूपए की सब्सिडी प्रदान कर रही थी, अब डबल इंजन की सरकार ने डबल सब्सिडी देते हुए इसमें 30 हजार रुपए और जोड़ दिया है। इस तरह अब विद्युत उपभोक्ताओं को अपने घरों में सोलर प्लांट लगाना आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे, तब देश के 18 हजार गांव अंधेरे में थे, उन्होंने सौभाग्य हर घर बिजली योजना लागू की और हर घर बिजली पहुँचाने का संकल्प लिया था और आज उन सभी गाँवों तक बिजली पहुँच चुकी है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब देश स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
