शिव शर्मा की रिपोर्ट
राजनांदगांव। ग्राम पंचायत सोमनी की सरपंच एवं ग्रामीणों ने ग्राम में कथित रूप से चल रही अवैध प्लॉटिंग, शासकीय नहर-नाली तथा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से उनके रायपुर स्थित निवास शंकर नगर में की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा पटवारी, आरआई एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत कर शासकीय नहर एवं नाली को निजी कृषि भूमि बताकर अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार सोमनी जलाशय से जुड़ी लगभग 70-80 वर्ष पुरानी नहर एवं नाली को जेसीबी मशीनों से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। नहर के मेड़-पार को तोड़ने के साथ ही किसानों द्वारा कृषि कार्य के लिए उपयोग किए जाने वाले धरसा मार्ग पर भी कब्जा कर लिया गया है। इससे क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को भविष्य में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
ग्राम पंचायत सोमनी की सरपंच श्रीमती नीलिमा साहू द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि ग्राम के खसरा नंबर 180/1 एवं 180/3 शासकीय नहर एवं नाली की भूमि है, जहां अवैध अतिक्रमण होने से पानी निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यह नहर सोमनी जलाशय एवं आसपास के तालाबों तक वर्षा जल पहुंचाने का प्रमुख माध्यम है। नहर मार्ग बाधित होने से तालाबों में पर्याप्त जलभराव नहीं हो पा रहा है, जिससे गांव की जल व्यवस्था और किसानों की सिंचाई प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि बरसात के दौरान जल निकासी बाधित होने से जलभराव, फसल नुकसान और अन्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। मामले की शिकायत सांसद संतोष पांडेय, कलेक्टर एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से भी की गई है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को त्वरित जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने शासकीय नहर एवं नाली से अतिक्रमण हटाकर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल करने की मांग की।
