सुनील सक्सेना वरिष्ठ पत्रकार
चित्रकूटधाम मण्डल, बाँदा के आयुक्त श्री अजीत कुमार द्वारा आज जनपद हमीरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) कुरारा का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई खामियाँ पाई गईं। डॉक्टरों का ड्यूटी रोस्टर दीवार पर लगा तो था, किंतु उसमें अस्थायी रूप से चाक से नाम लिखे गए थे, जो अस्वीकार्य है। इसके अतिरिक्त दवाओं की सूची सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शित नहीं की गई थी। वहीं शौचालयों के दरवाजे और टाइलें भी खराब अवस्था में पाई गईं।
इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त महोदय ने स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक को मौके पर ही तत्काल सुधार कार्य सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि—
सभी डॉक्टर एवं कर्मचारी समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहें।
मरीजों को समुचित, संवेदनशील व सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराया जाए।
परिसर में सफाई, शुद्ध पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बिना उचित कारण के किसी भी मरीज को रिफर न किया जाए।
मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए।
आयुक्त श्री अजीत कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को समय पर, समुचित और गरिमापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
