– ग्राम पंचायत कोडेमरा में वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग जागरूकता शिविर का सफल आयोजन*

शिव शर्मा की रिपोर्ट

        मोहला,।वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के अंतर्गत विकासखंड मोहला की ग्राम पंचायत कोडेमरा (Kodemara) में 21 नवंबर को विशेष वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला अग्रणी बैंक एवं वित्तीय साक्षरता केंद्र (FLC), बैंक ऑफ बड़ौदा के नेतृत्व में तथा ग्रामीण बैंक, दनगढ़ शाखा के सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं, शासकीय वित्तीय योजनाओं एवं डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक कर वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना रहा।
शिविर के दौरान बैंक मित्र (BC) के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न बैंकिंग सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराया गया। इस दौरान बैंक खातों की केवाईसी (KYC) अद्यतन करने, नॉमिनी नामांकन, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) तथा अटल पेंशन योजना (APY) के अंतर्गत पंजीयन एवं योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया संपन्न की गई।
कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता सलाहकार श्री रोहित कुमार पाल ने उपस्थित ग्रामीणों को वित्तीय प्रबंधन, बचत एवं सुरक्षित बैंकिंग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पारिवारिक बजट तैयार करने, बचत की आदत विकसित करने, सुरक्षित निवेश, सावधि जमा (FD), आवर्ती जमा (RD), निवेश विविधीकरण, क्रेडिट स्कोर तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके साथ ही यूपीआई (UPI), एटीएम (ATM) के सुरक्षित उपयोग एवं बैंक मित्र (BC) के माध्यम से उपलब्ध बैंकिंग सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
शिविर में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। श्री पाल ने ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, फर्जी एपीके (APK) फाइल डाउनलोड तथा पार्सल डिलीवरी के नाम पर होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड या गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा अनजान लिंक और संदिग्ध एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचें। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
इसके अलावा बैंकिंग सेवाओं से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए शिकायत प्रबंधन प्रणाली (CMS) पोर्टल तथा भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की एकीकृत लोकपाल योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बैंकिंग शिकायत दर्ज कराने और उनके निराकरण के लिए आरबीआई की हेल्पलाइन नंबर 14448 के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।
शिविर में ग्राम पंचायत कोडेमरा के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय सेवाओं एवं साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का लाभ उठाया। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों को वित्तीय रूप से जागरूक, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था और शासन की वित्तीय योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *