आगामी विधानसभा चुनाव-2027 स्वतंत्र एवं भयमुक्त मतदान की तैयारी में जुटा जिला प्रशासन, सेक्टर व पुलिस सेक्टर अधिकारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण*

        अभिवादन एक्सप्रेस

आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी समीर की अध्यक्षता में जनपद के समस्त सेक्टर अधिकारियों एवं पुलिस सेक्टर अधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन पूर्व तैयारियों, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, कानून-व्यवस्था, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन के दौरान अधिकारियों की जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से वल्नरेबिलिटी मैपिंग एवं क्रिटिकल मतदेय स्थलों के चिह्नांकन पर जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि ऐसे व्यक्तियों एवं कारकों की पहचान की जाए, जिनके माध्यम से मतदाताओं को डराने, धमकाने, प्रलोभन देने अथवा स्वतंत्र रूप से मतदान करने से रोकने की आशंका हो सकती है। इसके लिए आवंटित क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करते हुए स्थानीय परिस्थितियों का आकलन किया जाए। पूर्व के निर्वाचन अनुभवों, कानून-व्यवस्था की स्थिति एवं आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर क्रिटिकल मतदेय स्थलों का परीक्षण कर आवश्यक रिपोर्ट तैयार की जाए। सेक्टर अधिकारियों एवं पुलिस सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, फर्नीचर, पहुंच मार्ग सहित अन्य न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं का भौतिक सत्यापन करने की जानकारी दी गई। कानून-व्यवस्था की दृष्टि से असामाजिक तत्वों की पहचान, संभावित विवादों का आकलन तथा आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई के संबंध में भी विस्तार से समझाया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ करें। अपने आवंटित क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल की वास्तविक स्थिति से भली-भांति परिचित रहें तथा वल्नरेबल क्षेत्रों एवं संभावित संवेदनशील परिस्थितियों की पहचान पूरी सतर्कता और गोपनीयता के साथ करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। प्रशिक्षण के दौरान मतदान दिवस की व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। मतदान दलों के आवागमन, संचार व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई तथा मतदान के दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने की प्रक्रिया समझाई गई। सेक्टरवार निरीक्षण, वल्नरेबिलिटी मैपिंग, क्रिटिकल मतदेय स्थलों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध संकलन एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण के अंतिम चरण में ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट के कार्यों, मॉक पोल की प्रक्रिया तथा वीवीपैट के माध्यम से मतदाता द्वारा अपने मत का सत्यापन किए जाने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर के माध्यम से मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने एवं निर्वाचन प्रणाली के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़ाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा निर्वाचन कार्यों से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे साथ ही राज्य स्तरीय ट्रेनर राघवेंद्र सिंह।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *