बांदा के ग्रामीण अंचल को योगी सरकार की बड़ी सौगात*

   अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

*बांदा: ।। * उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के अपने संकल्प को तेजी से धरातल पर उतार रही है। इसी क्रम में बांदा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार ने एक बड़ा और सराहनीय कदम उठाया है। जिले की पांच ग्राम पंचायतों में नए स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं आरोग्य केंद्रों के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर 41.19 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।

*इन पांच ग्राम पंचायतों की बदलेगी तस्वीर*

जिला पंचायत के माध्यम से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य के लिए जिले के विभिन्न ब्लॉकों की पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इनमें विकास खंड नरैनी की ग्राम पंचायत बहादुरपुर कालिंजर और बिल्हरका, बिसंडा ब्लॉक की सिंहपुर, बड़ोखर खुर्द ब्लॉक की त्रिवेनी तथा कमासिन विकास खंड की ग्राम पंचायत बछौंधा सानी शामिल हैं। इन गांवों में स्वास्थ्य केंद्रों के खुलने से आसपास के दर्जनों मजरों और गांवों की बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

*छह माह के समय में पूरा होगा निर्माण*

योगी सरकार के निर्देशों के क्रम में इन विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला पंचायत की ओर से इन सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण कार्य महज छह माह के रिकॉर्ड समय में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिलना शुरू हो सके।

*गांव में ही मिलेंगी जांच, दवा और मातृ-शिशु सेवाएं*

इन आरोग्य केंद्रों के शुरू होने से ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए अब दूर-दराज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों या जिला अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप और मधुमेह जैसी गंभीर बीमारियों की नियमित स्क्रीनिंग, उचित स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाओं की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध होगी। इसके आलावा गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, नवजात शिशुओं के टीकाकरण और संपूर्ण मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी अब महिलाओं को उनके घर के नजदीक ही सुलभ हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *