बांदा में माटी कला और खादी ग्रामोद्योग मेले का आगाज, ‘वोकल फॉर लोकल’ मुहिम को लग रहे पंख*

 

 

    अनिल सक्सेना की रिपोर्ट 

*बांदा: ।। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की ‘वोकल फॉर लोकल’ मुहिम को धार देने और दीपावली के पावन पर्व पर स्वदेशी उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद बांदा में एक भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। शहर के प्रमुख बाबूलाल चौराहे के पास स्थित राइफल क्लब मैदान में मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी और क्षेत्रीय माटी कला मेले की शुरुआत हो चुकी है। मिट्टी के हुनर को एक बड़ा बाजार देने के लिए लगाया गया यह विशेष मेला आगामी 10 नवंबर तक चलेगा। जहां स्थानीय कारीगरों के हुनर की चमक देखने को मिल रही है।

 

*माटीकला के लगाए गए 100 स्टाल*

 

माटीकला बोर्ड के अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दीपावली त्योहार के मद्देनजर आयोजित इस मंडल स्तरीय मेले में पूरे उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से हस्तशिल्पी और कारीगर उत्पादों के साथ पहुंचे हैं। मेले में खादी ग्रामोद्योग के अंतर्गत जैविक उत्पाद, विभिन्न प्रकार के अचार, मुरब्बा, खादी के कपड़े तथा ग्रामोद्योग से संबंधित कई अन्य आकर्षक दुकानें सजाई गई हैं।

इस बार मेले में मिट्टी के उत्पादों पर विशेष जोर दिया गया है। जिसके तहत 100 स्टाल लगाए गए हैं। इन स्टालों पर मिट्टी के दीये, मूर्तियाँ, सजावटी सामान और घरेलू उपयोग के बर्तन मुख्य आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व स्थानीय स्तर के कारीगरों के पारंपरिक हुनर को मंच देकर उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाना है।

 

वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के डिप्टी कमिश्नर योगेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मेले में 100 स्टाल गए हैं। इन स्टालों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *