ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
0-जालौन में तैयार हो रहीं 100 से अधिक प्रतिमाएं, 7 से 25 हजार रुपये तक मिल रहा न्योछावर
जालौन। शारदीय नवरात्र पर्व को लेकर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तैयारियां तेज हो गई हैं। देवी पंडालों में स्थापित होने वाली मां दुर्गा की प्रतिमाओं को मूर्तिकार सजा कर उन्हे भब्य और आकर्षक रूप दे रहे हैं। नगर में तीन स्थानों पर प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। मूर्तिकार श्याम कुशवाहा और लक्खा द्वारा बनाई जा रही प्रतिमाएं नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के पंडालों में विराजमान होंगी। 11 अक्टूबर को देवी पंडालों में प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।
मूर्तिकार श्याम कुशवाहा और लक्खा ने बताया कि इस बार नवरात्र में भव्य पंडाल सजाए जाने की तैयारी है। इसी को देखते हुए पांच से लेकर 12 फीट तक ऊंची मां दुर्गा की एक सैकड़ा से अधिक प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। इन प्रतिमाओं को देखने और खरीदने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं। मूर्तियों को तैयार करने का काम कई महीने पहले ही शुरू कर दिया जाता है। वर्तमान में कलाकार दिन-रात मेहनत कर प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतिमाओं को घास-फूस, लकड़ी, मिट्टी और प्राकृतिक रंगों की मदद से तैयार किया जाता है। प्रतिमाओं की लागत लगातार बढ़ रही है। आकार के हिसाब से भक्तों की ओर से सात हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक न्योछावर दिए जाते हैं, लेकिन बढ़ती लागत के मुकाबले मिलने वाली राशि कम पड़ रही है।
प्रतिमाओं को तैयार करने में मुख्य मूर्तिकारों के साथ छाया, आकाश सक्सेना, प्रिंस सक्सेना, आशुतोष कुशवाहा, रितिक साहू, निखिल और अरविंद सहित अन्य कलाकार भी सहयोग कर रहे हैं। नवरात्र में इन प्रतिमाओं को विभिन्न पंडालों में स्थापित कर उनका भव्य श्रृंगार किया जाएगा। पूरे नौ दिनों तक देवी मां की पूजा-अर्चना के बाद दशहरा पर्व पर प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।