सनत कुमार बुधौलिया
*रावण दहन स्थल पर भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के निर्देश, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर*
दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने देर रात उरई के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने चिल्ली तालाब स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल, गल्ला मंडी में रावण दहन स्थल तथा महिल तालाब पर दुर्गा मूर्ति स्थापना सहित अन्य संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया।जिलाधिकारी ने मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, गोताखोरों की तैनाती और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। गल्ला मंडी स्थित रावण दहन स्थल पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की समुचित तैनाती सुनिश्चित की जाए। भीड़ की आवाजाही को व्यवस्थित रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रभावी प्रबंध किए जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने और सभी संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि दशहरा पर्व जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी उत्तम तिवारी, अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील, एसएचओ आदि अधिकारी मौजूद रहे।