कृषि विज्ञान केंद्र सुरगी में राष्ट्रीय महिला किसान दिवस मनाया गया, जागृति चुन्नी यदु ने महिला किसानों को किया सम्मानित

शिव शर्मा की रिपोर्ट

राजनांदगांव। कृषि विज्ञान केंद्र सुरगी में कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय महिला किसान दिवस शक्ति, समर्पण और सम्मान के संदेश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति एवं जिला भाजपा उपाध्यक्ष श्रीमती जागृति चुन्नी यदु शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिला किसानों को सम्मानित किया तथा उनके परिश्रम, समर्पण और कृषि विकास में उनकी भूमिका की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति श्रीमती देवकुमारी साहू सहित कृषि एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अधिकारी और विशेषज्ञ उपस्थित रहे। महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. विनम्रता जैन की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में महिला किसानों ने भाग लिया।

महिला किसानों की भूमिका महत्वपूर्ण : जागृति चुन्नी यदु

मुख्य अतिथि श्रीमती जागृति चुन्नी यदु ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाएं कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। खेती-किसानी से लेकर बीज चयन, बुवाई, रोपाई, फसल की देखभाल, कटाई और कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण तक महिलाएं अपनी मेहनत और कुशलता से महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। इसके बावजूद कई बार उनके योगदान को अपेक्षित पहचान और सम्मान नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला किसान दिवस महिला किसानों के परिश्रम, आत्मनिर्भरता और उपलब्धियों को सम्मान देने का अवसर है। महिलाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियों और शासन की कृषि योजनाओं से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जाना चाहिए। महिला किसान प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बना सकती हैं।
श्रीमती यदु ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना कृषि क्षेत्र का समग्र विकास संभव नहीं है। महिला किसानों को प्रोत्साहित करना, उनकी उपलब्धियों को पहचान देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती जागृति चुन्नी यदु ने महिला किसानों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करना, उनके अधिकारों एवं उपलब्धियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *