*- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए DLCC की बैठक आयोजित*

  शिव शर्मा की रिपोर्ट

 

मोहला,।कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अधिकाधिक हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के उद्देश्य से मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री उज्वल पोरवाल ने जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक ली। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों की बैंकवार समीक्षा की गई। अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन करने वाले बैंकों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए बैंकिंग संस्थाओं को सक्रिय भूमिका निभाने और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत ने बैंक शाखा प्रबंधकों को योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रभावी पहल करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना के प्रावधानों, लाभों एवं क्रियान्वयन की जानकारी दी गई, ताकि बैंक अधिकारी स्वयं योजना को बेहतर ढंग से समझकर आम नागरिकों को जागरूक कर सकें तथा अधिक से अधिक परिवारों को अपने घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित कर सकें।
योजना की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सभी बैंक शाखाओं में संबंधित बैनर एवं फ्लेक्स प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। इससे बैंक आने वाले ग्रामीणों एवं अन्य ग्राहकों को योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और सौर ऊर्जा के उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी मिल सकेगी।
बैठक में योजना के अंतर्गत 90,000 तक के ऋण के लिए आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया को सरल एवं न्यूनतम रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अनावश्यक दस्तावेजों की मांग से बचते हुए नियमानुसार आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर ऋण प्रक्रिया को सुगम बनाया जाए। इस संबंध में लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (LDM) को आवश्यक समन्वय कर दस्तावेजों की स्पष्ट एवं अंतिम सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।
निर्देशानुसार, ऋण के लिए आवश्यक दस्तावेजों की अंतिम सूची को प्रत्येक बैंक शाखा में प्रदर्शित किए जाने वाले फ्लेक्स के डिजाइन में शामिल किया जाएगा। इससे हितग्राहियों को आवेदन से पहले ही आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी मिल सकेगी और उन्हें अधूरी जानकारी के कारण बार-बार बैंक के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन बैंकिंग संस्थाओं एवं जनपद पंचायतों के आपसी समन्वय से सुनिश्चित किया जाए। सभी संबंधित अधिकारियों को प्रचार-प्रसार बढ़ाने, ऋण आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को सोलर रूफटॉप सिस्टम अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन का उद्देश्य योजना के माध्यम से अधिकाधिक परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना, बिजली पर होने वाले व्यय को कम करने में सहायता देना तथा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम के मार्गदर्शन में जिले में योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *