जन सूचना अधिकारियों को सूचना का अधिकार अधिनियम एवं ऑनलाइन पोर्टल की प्रक्रिया से कराया गया अवगत*

   शिव शर्मा की रिपोर्ट

*सूरजपुर/ प्रेमनगर:-* जिले में सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के प्रभावी एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन तथा RTI ऑनलाइन पोर्टल के सुचारू संचालन के उद्देश्य से विकासखंड प्रेमनगर में 15 एवं 16 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत सभाकक्ष प्रेमनगर में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर सूरजपुर रेना जमील के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के पदनामित जन सूचना अधिकारियों (PIO) एवं प्रथम अपीलीय अधिकारियों (FAO) को सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों तथा ऑनलाइन पोर्टल की प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में जिला मास्टर ट्रेनर पी.सी. सोनी प्राचार्य, डी.एस. लकड़ा प्राचार्य साथ में ब्लॉक मास्टर ट्रेनर सुरेश कुमार गुप्ता शिक्षक एवं कृष्ण कुमार ध्रुव व्याख्याता ने प्रशिक्षणार्थियों को सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, जन सूचना अधिकारियों की जिम्मेदारियों, आवेदन प्रक्रिया तथा RTI ऑनलाइन पोर्टल के सुचारू संचालन के संबंध में विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया।
बता दें कि प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य विभिन्न विभागों में पदनामित जन सूचना अधिकारियों एवं प्रथम अपीलीय अधिकारियों को ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़ना तथा RTI ऑनलाइन पोर्टल पर उनकी अनबोर्डिंग की प्रक्रिया संपन्न कराना था। इसके माध्यम से सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण, पारदर्शिता एवं प्रशासनिक जवाबदेही को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड प्रेमनगर के समस्त ग्राम पंचायत सचिव, सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य तथा शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालक सहित संबंधित जन सूचना अधिकारियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अधिनियम के प्रावधानों का नियमानुसार पालन करने तथा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सूचना संबंधी कार्यों का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय प्रतिनिधियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, सूचना के अधिकार के क्रियान्वयन को सरल एवं सुगम बनाने तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *