ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। आगामी 26 जून को मोहर्रम पर्व के अवसर पर नगर में होने वाली विद्युत कटौती को लेकर समाजसेवी मुहम्मद अशफाक राईन ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर संपूर्ण नगर की बिजली आपूर्ति बंद करने की प्रथा समाप्त करने की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में मोहर्रम के दौरान ताजिया एवं अन्य धार्मिक जुलूसों के समय सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर कई-कई घंटों तक पूरे नगर की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नगर में विद्युत विभाग द्वारा केबलिंग एवं अन्य सुरक्षा संबंधी कार्यों पर भारी धनराशि खर्च की जा चुकी है, ऐसे में पूरे नगर की बिजली बंद करना उचित नहीं है।
उन्होंने बताया कि लंबे समय तक बिजली कटौती से व्यापारी, छात्र-छात्राएं, मरीज, बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे विशेष रूप से प्रभावित होते हैं। भीषण गर्मी के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
यदि सुरक्षा कारणों से बिजली आपूर्ति बंद करना आवश्यक हो तो केवल उसी मार्ग अथवा क्षेत्र की बिजली अस्थायी रूप से बंद की जाए, जहां से जुलूस गुजर रहा हो, जबकि नगर के अन्य क्षेत्रों में नियमित विद्युत आपूर्ति जारी रखी जाए।
समाजसेवी मुहम्मद अशफाक राईन ने कहा कि जनहित और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
