*‘मेरा युवा भारत’ की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर*

                सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट

         उरई।     जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) जनपद की प्रथम जिला सलाहकार समिति/समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने ‘मेरा युवा भारत’ की कार्ययोजना को अनुमोदित करते हुए युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने और विभागीय समन्वय के साथ कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में माय भारत पोर्टल के माध्यम से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं एवं पात्र नागरिकों को ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल से जोड़ते हुए उन्हें विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग अपने कार्यालयों, संस्थानों, लाभार्थियों, ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, प्रशिक्षण संस्थानों एवं अन्य उपलब्ध माध्यमों का अधिकतम उपयोग करते हुए युवाओं तक कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाएं।जिलाधिकारी ने 01 अक्टूबर 2026 से संचारी रोगों के प्रति जागरूकता अभियान को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाया जाए तथा विभिन्न विभाग अपने स्तर से उपलब्ध संसाधनों और नेटवर्क का उपयोग करते हुए लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने ‘मेरा युवा भारत’ के अंतर्गत जनपद में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। विकासखंड एवं ग्राम स्तर तक जागरूकता अभियान पहुंचाने के साथ ही महिलाओं एवं युवतियों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ‘मेरा युवा भारत’ की वर्ष 2026-27 की तीन माह की कार्ययोजना तैयार कर प्रत्येक कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी नामित करते हुए सभी संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाए। जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत द्वारा वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई, जिस पर समिति द्वारा सहमति प्रदान की गई। शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद के निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण एवं कोचिंग संस्थानों में युवाओं के बीच आलोचनात्मक सोच, कृष्ण-अर्जुन संवाद तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (STEM) से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए और आवश्यक आंकड़े एवं विवरण संकलित कर उपलब्ध कराए जाएं।जिलाधिकारी ने ‘मेरा युवा भारत’ के कार्यक्रमों को सकारात्मक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए कार्यक्रमों के लिंक, फोटोग्राफ, वीडियो एवं रील तैयार कर अधिकाधिक प्रचार-प्रसार किए जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी और जनपद में संचालित गतिविधियों को प्रभावी रूप से सामने लाने के लिए डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जाए। जिलाधिकारी ने जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं जिला युवा अधिकारी को जनपद के खेल मैदानों एवं मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियमों का निरीक्षण कर एक माह के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए ‘मेरा युवा भारत’ की गतिविधियों को धरातल पर प्रभावी रूप से संचालित करने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय, जिला युवा अधिकारी सचिन, सदर विधायक के प्रतिनिधि रविंद्र प्रताप सिंह, आदि जनप्रतिनिधि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *