*तालाब किनारे धंस रही सड़क, हादसे का बढ़ा खतरा*

बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

0-कागजी कार्ययोजना के इंतजार में सुरक्षा व्यवस्था नदारद, तत्काल बैरिकेडिंग और सुरक्षा दीवार की मांग
जालौन। जालौन-बाबई से काशीपुरा जाने वाले ग्रामीण मार्ग पर तालाब के किनारे सड़क का एक बड़ा हिस्सा लगातार धंसता जा रहा है। सड़क के नीचे तालाब का गहरा पानी होने के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। सड़क की स्थिति को लेकर क्षेत्र के समाजसेवी गजेन्द्र ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए लोक निर्माण विभाग से तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की है।
गजेन्द्र सिंह सेंगर का कहना है कि सड़क किनारे मिट्टी खिसकने के कारण मार्ग लगातार कमजोर हो रहा है। इसके बावजूद मौके पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही सुरक्षात्मक बैरिकेडिंग की गई है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, बाइक सवारों और अन्य राहगीरों पर दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है।
शिकायत के जवाब में विभाग की ओर से कार्य को आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में शामिल किए जाने की बात कही गई है। इस पर आपत्ति जताते हुए गजेन्द्र ने कहा कि सड़क की मरम्मत या स्थायी निर्माण कार्य बाद में किया जाए, लेकिन वर्तमान में दुर्घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं। यदि सड़क का धंसा हुआ हिस्सा और बैठ गया तो बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि कागजी प्रक्रिया और आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना का इंतजार किए बिना मौके पर तत्काल अर्थवर्क, बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड तथा सुरक्षा दीवार की व्यवस्था कराई जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *