*बुढ़वा मंगल को लेकर हनुमान मंदिरों में तैयारियां तेज*

ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

0-मंदिरों की भव्य सजावट के साथ जगह-जगह होगा भंडारा, फाटक वाले हनुमान मंदिर में दोपहर से शुरू होगा प्रसाद वितरण
जालौन। बुढ़वा मंगल के पर्व को लेकर जालौन नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। नगर व आसपास के क्षेत्रों में स्थित हनुमान मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन, चोला चढ़ाने के साथ ही जगह-जगह भंडारे आयोजित किए जाने की तैयारियां की जा रही हैं।
नगर के फाटक वाले हनुमान मंदिर पर बुढ़वा मंगल के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के पुजारी नीरज महाराज ने बताया कि सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन एवं हनुमान जी को चोला चढ़ाया जाएगा। इसके बाद दोपहर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारा शुरू कर दिया जाएगा।
इसके अलावा पेट्रोल पंप हनुमान मंदिर, 21 फुटा हनुमान मंदिर तथा औरैया रोड स्थित मंदिर समेत नगर के अन्य हनुमान मंदिरों को भी भव्य एवं आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। पर्व को लेकर मंदिरों में रंग-बिरंगी सजावट और विशेष धार्मिक आयोजनों की तैयारियां चल रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बुढ़वा मंगल को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दे रहा है। खनुवां, कैथ, गिधौसा, धनौरा, धंतौली, कुंवरपुरा, उदोतपुरा, देवरी, उरगांव सहित अन्य गांवों के हनुमान मंदिरों में भी पूजा-अर्चना एवं भंडारे की तैयारियां की जा रही हैं।
वहीं बिरिया खेड़ा स्थित हनुमान मंदिर को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते में बने पुल के ऊपर से पानी बहने की जानकारी सामने आई है, जिसके कारण श्रद्धालुओं के आवागमन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बुढ़वा मंगल के पर्व को लेकर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक माहौल बनने लगा है। श्रद्धालु हनुमान जी के दर्शन एवं प्रसाद ग्रहण करने के लिए मंदिरों में पहुंचने की तैयारियों में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *