ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
0-खनुवां गांव में शोभायात्रा के दौरान उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भक्तिमय हुआ माहौल
जालौन। तहसील क्षेत्र के ग्राम खनुवां में गणेश उत्सव का समापन सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा। माता मंदिर में विधि-विधान के साथ स्थापित की गई भगवान गणेश की प्रतिमा को सोमवार को भक्तों ने गाजे-बाजे और जयकारों के बीच शोभायात्रा निकालकर गांव के बाहर नहर में विसर्जित किया।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। गांव की गलियों से निकली शोभायात्रा में भक्त गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। विसर्जन के दौरान भक्तों ने भगवान गणेश से गांव में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गणेश उत्सव के आयोजन में गांव के युवाओं और भक्तों की विशेष भागीदारी रही। सुमित कुशवाहा, जीतू कुशवाहा, अनुज तिवारी, सुमित तिवारी, बाबा परिहार, बबली तिवारी, रितिक कुशवाहा, पीयूष, लव कुशवाहा, शुभ कुशवाहा, यश पटेल और शिप्पू दोहोलिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहयोग किया।
प्रतिमा विसर्जन के साथ ही भक्तों ने भावुक होकर गणपति बप्पा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से उनके आगमन की कामना की।