राघवेंद्र शर्मा की रिपोर्ट
कालपी (जालौन)
मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से कालपी पुलिस ने सराहनीय पहल की। एमएसवी इंटर कॉलेज की कक्षा सात की छात्रा आस्था विश्नोई को शनिवार को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक कोतवाल बनाया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी और मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक ममतेश कुमारी ने छात्रा का स्वागत करते हुए उसे अपनी कुर्सी पर बैठाया और उत्साहवर्धन किया।
एक दिन की प्रतीकात्मक कोतवाल की भूमिका निभाते हुए छात्रा आस्था विश्नोई ने कोतवाली में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान तीन प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। छात्रा को शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया, पुलिस की कार्यप्रणाली और जनसमस्याओं के समाधान के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही अधिकारियों की जिम्मेदारियों से भी अवगत कराया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी और मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक ममतेश कुमारी ने छात्रा के उत्साह की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उचित मार्गदर्शन, शिक्षा और मेहनत के बल पर बालिकाएं जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकती हैं।मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना है। छात्रा आस्था विश्नोई को एक दिन की कोतवाल बनाकर यह संदेश दिया गया कि बेटियां भी नेतृत्व की भूमिका निभाने में सक्षम हैं।