अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
वीरांगना रानी दुर्गावती समिति के द्वार गणेश भवन तत्वावधान में आयोजित श्री गणेश महोत्सव के छठे दिन आर्ट क्राफ्ट डांस स्टूडियो की प्रतिभाशाली बच्चियों ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरे पंडाल को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना और गणेश वंदना से हुआ, जिसमें “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रंगारंग कार्यक्रम में नित्या साहू और नित्या अग्रवाल ने “छाप तिलक” पर शानदार युगल नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद सभी बच्चों ने “आजादी का अमृत महोत्सव” पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की, जिसने पूरे पंडाल में देशभक्ति का जोश भर दिया। दर्शकों के हाथों में लहराता तिरंगा और दिलों में राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखने लायक था।
राधा-कृष्ण की फूलों की होली, मयूर नृत्य, मसाने की होली तथा फौजी नृत्य जैसी प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट गूंजती रही। सभी प्रस्तुतियां नृत्य महागुरु श्रीमती रश्मि गुप्ता निशा के कुशल नृत्य निर्देशन में संपन्न हुईं, जिसकी सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में नूतन बाल समाज के आयोजकों ने मंच पर श्रीमती रश्मि गुप्ता का सम्मान किया तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर ज्योत्सना पुरवार, छाया सिंह, नीलिमा पुरवार, रूपाली खरे, अशोक अवस्थी, अशोक त्रिपाठी, जीतू भइया, किशोर बाजपेई, समाजसेवी सुनील सक्सेना, संजय गुप्ता, सुशील तिवारी, दत्तू पंत गुर्जर, निखिल सक्सेना सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं शहर के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी और सुंदर संचालन श्री पंकज रावत ने किया।