शिव शर्मा की रिपोर्ट
जगदलपुर,।/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड के सेजस अलनार में विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक गतिविधि एवं चित्रकला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक एवं माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “विकसित भारत-2047”, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा एवं देश के विकास जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र एवं पोस्टर तैयार किए। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से स्वच्छ एवं सुंदर भारत, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं को अन्य विद्यार्थियों के समक्ष प्रस्तुत करते हुए बताया कि देश के विकास में बच्चों की जागरूकता और छोटी-छोटी जिम्मेदारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण की रक्षा करने तथा शिक्षा के माध्यम से स्वयं को सक्षम बनाने का संदेश भी दिया गया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, जिम्मेदारी, सामाजिक सरोकार एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम बच्चों को अपनी कल्पनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने के साथ-साथ समाज एवं देश के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही। विद्यालय प्रबंधन द्ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़ी ऐसी गतिविधियों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।