*सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम, एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 62 शिकायतों में 07 का मौके पर निस्तारण*

   सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट

तहसील कोंच में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत के प्रभावी निस्तारण पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही असली शिकायत के निस्तारण की कसौटी है।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 62 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 07 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सौंपा गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का रैंडम सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह पता चल सके कि शिकायत का निस्तारण वास्तव में हुआ है अथवा केवल अभिलेखों में निस्तारण दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क कर यह भी सुनिश्चित करें कि की गई कार्रवाई से वह संतुष्ट है या नहीं। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन मामलों में मौके पर जांच आवश्यक है, उनमें अधिकारी स्वयं अथवा सक्षम टीम के माध्यम से स्थल का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें और नियमानुसार कार्रवाई करें।उन्होंने कहा कि कई शिकायतें ऐसी होती हैं जिनका समाधान एक ही विभाग के स्तर से संभव नहीं होता। ऐसे मामलों में संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं संयुक्त प्रयास के साथ शिकायतों का निस्तारण करें। भूमि विवाद जैसे मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करे।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता से लेते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी क्षम्य नहीं की जाएगी। निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उसकी संतुष्टि का भी परीक्षण किया जाए।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा राजस्व से जुड़े विवादों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर मौके पर समाधान कराया जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अभिनव यादव, सीओ परमेश्वर, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *