– सेवा संकल्प अभियान : जिले के 905 आंगनबाड़ी केन्द्रों में 02 अक्टूबर को होगा ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन*

शिव शर्मा की रिपोर्ट

मोहला,। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 02 अक्टूबर 2026 को सभी 905 आंगनबाड़ी केन्द्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ का जिलेव्यापी आयोजन किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केन्द्रों को समुदाय से जोड़ते हुए पोषण, स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु देखभाल, महिला कल्याण तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

आंगन मिलन सेवा अंतर्गत 02 अक्टूबर को जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में ‘मेरी पौष्टिक थाली’ का प्रदर्शन, स्थानीय एवं पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा चित्रकला, रंगोली, मेहंदी एवं व्यंजन प्रतियोगिता सहित मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, महिलाओं एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं के साथ मातृ संवाद तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। बच्चों के लिए पौष्टिक ‘न्योता भोज’ का आयोजन भी किया जाएगा।
आंगन मिलन सेवा’ के सफल आयोजन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, पर्यवेक्षक, एएनएम, मितानिन, स्वयं सहायता समूह और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम में उल्लेखनीय योगदान देने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों एवं स्थानीय सहयोगियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के जनप्रतिनिधियों, माताओं, स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय नागरिकों से ‘आंगन मिलन सेवा’ में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है, ताकि यह आयोजन पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास के साथ व्यापक जनभागीदारी का प्रभावी माध्यम बन सके।

*- ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ की अवधारणा को मिलेगा बढ़ावा*

आंगनबाड़ी केन्द्र परिसरों में फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा तथा ‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’ की अवधारणा को प्रोत्साहित किया जाएगा। बच्चों के लिए खिलौने एवं खेल सामग्री दान करने के साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों के अधोसंरचना विकास और कुपोषण मुक्ति के प्रयासों में समुदाय की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

*क्रमांक-09/39 आर्य —*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *