*25 साल की जनसेवा के उपलक्ष्य में भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान*

शिव शर्मा की रिपोर्ट

अंबागढ़ चौकी।    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल शुरू किए 25 वर्ष पूरे होंगे। इस अवसर को जनसेवा और समर्पण के 25 वर्षों के रूप में मनाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी से एक माह तक विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में होगी। इस दिन रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी रहेगी। शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत परिवारों और लाभार्थियों द्वारा दीप जलाए जाएंगे।
अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान, चित्रकारी, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य शिविर, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले कार्यक्रम सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

*युवा मोर्चा निकालेगा सेवा यात्रा*
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि युवा मोर्चा के माध्यम से अलग-अलग दलों में सेवा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से कर्मभूमि बनारस तक तथा बनारस से वडनगर तक जाएगी। इस दौरान गांवों में चौपाल, आंगनबाड़ी केंद्रों, किसानों और युवा वर्ग से संवाद किया जाएगा। यात्रा लगभग 20 दिनों में विभिन्न राज्यों से होकर गुजरेगी।
इसके अलावा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विभिन्न गांवों और क्षेत्रों को जोड़ा जाएगा। 7 अक्टूबर को जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर करीब 1,000 स्थानों पर ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लेने की योजना है।

*महिलाओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी पर जोर*
अभियान में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘बेटी बचाओ’ से ‘बेटी पढ़ाओ’ और ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ जैसे विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंचायत और नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर भी विशेष कार्यक्रम होंगे।
‘सुशासन संवाद’ के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और आमजन के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप और इनोवेटर्स को अपनी नवाचार गतिविधियां प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।

*‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत श्रमदान की अपील*
अभियान के दौरान ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम 25 मिनट श्रमदान करने की अपील की जाएगी। करीब 25 अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मानव समूह रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीक और विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित करेगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के संदेश को आमजन तक पहुंचाना तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से विक्रांत सिंह,भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा,अरुण यादव,अवधेश त्रिपाठी,उमाकांत(राजू) टांडिया,राजेश जैन गुजराती,अम्बर जोशी,अविनाश त्रिपाठी,किशोर अटभैया,देवनारायण कुंभकार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *