नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)--मध्य प्रदेश अजाक्स जिला मंदसौर के जिलाध्यक्ष प्रहलाद कुमार सूर्यवंशी के तीन वर्षीय कार्यकाल की पूर्णता के उपरांत प्रांताध्यक्ष द्वारा उन्हें पुनः जिलाध्यक्ष पद पर कार्यकाल-वृद्धि प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रांतीय कार्यकारिणी, जिला, तहसील एवं ब्लॉक इकाइयों के पदाधिकारियों, संगठन के सदस्यों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें आत्मीय शुभकामनाएँ एवं बधाइयाँ दीं।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भारत रत्न संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। तत्पश्चात मध्य प्रदेश अजाक्स के प्रांतीय संयुक्त सचिव जे. पी. अहिरवार ने प्रांताध्यक्ष द्वारा जारी कार्यकाल-वृद्धि संबंधी पत्र प्रहलाद कुमार सूर्यवंशी को प्रदान किया तथा उपस्थित साथियों ने पुष्पमालाएँ पहनाकर उनका स्वागत किया।
श्री सूर्यवंशी ने कार्यकाल-वृद्धि पर प्रांतीय नेतृत्व, समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साथियों का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्व का निर्वहन वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश अजाक्स के प्रांतीय संयुक्त सचिव जे. पी. अहिरवार, जिला उपाध्यक्ष रामनिवास सूर्यवंशी, जिला सचिव मनोज कुमार धनिया, जिला संयुक्त सचिव राकेश कुमार दांगी, जिला अध्यक्ष राजूलाल कटारा, जिला संयुक्त सचिव सुनील कुमार राठौर, मंदसौर ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार गोयल, मंदसौर तहसील अध्यक्ष दिनेश सूर्यवंशी, मनोज सूर्यवंशी, गोपाल सुनार्थी, संयुक्त सचिव जवाहरलाल सुनार्थी, वरिष्ठ मार्गदर्शक एम. एल. चौहान, के. एल. पड़िहार, जिला महासचिव रामप्रसाद ईरवार, अर्जुन हरोकी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में प्रहलाद कुमार सूर्यवंशी ने सभी साथियों के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए संगठन एवं समाजहित में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहने का विश्वास दिलाया।