अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा,जनपद में पुलिस की मानवीय संवेदना का एक सराहनीय उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब प्रभारी यातायात निरीक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह अपने हमराह स्टाफ के साथ कचहरी चौराहे से महाराणा प्रताप चौराहे की ओर जा रहे थे। तभी दिनांक 31-07-2026 को जिला अस्पताल से लगभग 100 मीटर आगे एक ट्रैक्टर के अचानक ब्रेक फेल हो जाने से उसने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी चालक ट्रैक्टर के नीचे फंस गया।
घटना को देखते ही दूसरी दिशा से आ रहे प्रभारी यातायात निरीक्षक महेन्द्र प्रताप सिंह ने बिना एक पल गंवाए मात्र 10 सेकंड के भीतर अपनी सरकारी गाड़ी रुकवाई और हमराह पुलिसकर्मियों की मदद से ट्रैक्टर के नीचे फंसे घायल को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया, जिससे उसे समय रहते उपचार मिल सका। वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को आवश्यक कार्रवाई हेतु चौकी सिविल लाइंस पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रभारी यातायात निरीक्षक और उनकी टीम की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवता से प्रेरित इस कार्य की स्थानीय लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। लोगों का कहना है कि पुलिस का यह मानवीय चेहरा समाज में विश्वास और सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करता है। समय पर मिली पुलिस सहायता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ मानव जीवन की रक्षा भी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
