*नवरात्रि महोत्सव को लेकर प्रशासन से व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग,16 बिंदुओं का मांगपत्र सौंपा*

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा। बुंदेलखंड के ऐतिहासिक नवदुर्गा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। *आगामी 11 अक्टूबर 2026, रविवार से शुरू होने वाले नौ दिवसीय नवरात्रि पर्व का विसर्जन 20 अक्टूबर, मंगलवार को होगा।* पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए *बांदा केंद्रीय पूजा महोत्सव समिति* ने जिलाधिकारी को 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।

समिति ने मांग की है कि शहर के प्रमुख मंदिरों एवं देवी पंडालों में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाए। मंदिरों में तड़के करीब तीन बजे से श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की आवाजाही शुरू होने को देखते हुए प्रमुख मंदिरों, चौराहों, तिराहों एवं देवी पंडालों पर महिला पुलिस, पुलिस बल एवं पुलिस गश्त दल की तैनाती की जाए।

ज्ञापन में पूरे नवरात्रि के दौरान शहर को बिजली कटौती से मुक्त रखने तथा प्रमुख मार्गों पर लटकते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की गई है। साथ ही शहर में सुबह-शाम जलापूर्ति सुचारु रखने, सभी दुर्गा पंडालों पर सुरक्षा व्यवस्था करने तथा देवी पंडालों एवं मंदिरों में सुबह-शाम सफाई और चूने का छिड़काव कराने की मांग भी रखी गई है।

समिति ने शहर में सूअर एवं आवारा जानवरों के प्रवेश पर रोक, भारी वाहनों के लिए निर्धारित समय में प्रवेश प्रतिबंध तथा प्रमुख मार्गों और विसर्जन जुलूस वाले रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने पर भी जोर दिया है। ज्ञापन में कहा गया है कि अतिक्रमण के कारण विमान शोभायात्रा एवं विसर्जन जुलूस के संचालन में परेशानी होती है।

विसर्जन व्यवस्था पर विशेष जोर

विसर्जन को लेकर समिति ने केन नदी के रोड और घाट की मरम्मत, विसर्जन घाट तक मार्ग पर रोड लाइट की व्यवस्था तथा हाथ ठेला एवं नाव की पर्याप्त व्यवस्था कराने की मांग की है। बड़ी एवं भारी मूर्तियों के सुरक्षित विसर्जन के लिए दो बड़ी हाइड्रा मशीनों की व्यवस्था कराने का भी अनुरोध किया गया है।

विसर्जन के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए महेश्वरी देवी चौराहा, बाबूलाल चौराहा और केन नदी स्थल पर स्वास्थ्य कैंप लगाने की मांग की गई है, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सके। घाट पर सुरक्षा के लिए स्टीमर, जल पुलिस और महिला पुलिस की व्यवस्था सुचारु रखने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस एवं पुलिस बल की तैनाती, नवरात्रि के दौरान मांस-मदिरा की दुकानों को 10 दिन पूर्णतः बंद रखने तथा प्रयागी तालाब एवं अलीगंज रामलीला मंच कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल और साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की गई है।

समिति ने प्रशासन से इन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए समय रहते व्यवस्थाएं पूरी कराने का आग्रह किया है, ताकि बांदा का ऐतिहासिक नवदुर्गा महोत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य माहौल में संपन्न हो सके।
उक्त अवसर पर संरक्षक श्री राज कुमार शिवहरे,गोपाल अवस्थी,प्रभाकर सिंह चंदेल अशोक गुप्ता,अमित सेठ भोलू,सुनील सक्सेना,संजय काकोनियां,घनश्याम सिंह बाबू जी,राजेंद्र कुमार निर्मल,रजत कुमार रावत, पंकज खटीक,सचिन चीता, नईम नेता, राहुल सागर, अभिषेक कुमार गुप्ता,दीपक सिंह दीपू, हिमांशु सिंह, श्लोक द्विवेदी शिवम चौरसिया, राजेंद्र कुमार निर्मल, पंकज खटीक, राज सिंह,अर्जित अग्रवाल, नीतीश निगम लाल, प्रदीप सिंह, अंकेश,पीयूष गुप्ता, सुधीर रैकवार ,सौरभ गुप्ता, आशीष पांडे, श्रीश पांडे ,अमित गुप्ता रिंकू शुभांशु खरे,अशोक यादव, राकेश बाजपेई,राजा चौहान,ओम सिंह, कार्तिकेय गुप्ता, शशि भूषण सहित सैकड़ो गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *