अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बाँदा। चित्रकूटधाम मण्डल से राजस्थान के प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटू श्याम धाम तक सीधी रेल सेवा शुरू कराने की मांग को लेकर जिला अधिवक्ता संघ, बाँदा ने भारत सरकार के नाम आयुक्त, चित्रकूटधाम मण्डल के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने क्षेत्र की धार्मिक आस्था और जनसुविधा को देखते हुए चित्रकूटधाम (कर्वी) से मथुरा, बालाजी होते हुए खाटू श्याम (सीकर) तक विशेष साप्ताहिक आध्यात्मिक ट्रेन संचालित किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि चित्रकूटधाम देश के प्रमुख आध्यात्मिक एवं धार्मिक स्थलों में शामिल है। पवित्र मंदाकिनी नदी, भगवान कामतानाथ मंदिर, प्राकृतिक जलप्रपात और विशाल वन क्षेत्र के कारण यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। वहीं चित्रकूटधाम मण्डल के हजारों श्रद्धालु प्रतिवर्ष मथुरा, बालाजी और खाटू श्याम धाम की यात्रा करते हैं, लेकिन सीधी रेल सुविधा न होने के कारण उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
अधिवक्ता संघ ने मांग की कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चित्रकूटधाम से खाटू श्याम तक विशेष साप्ताहिक आध्यात्मिक ट्रेन चलाई जाए। साथ ही प्रस्तावित ट्रेन का नाम ‘महर्षि वामदेव आध्यात्मिक एक्सप्रेस’ रखने का सुझाव भी दिया गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि महर्षि वामदेव का वर्णन रामायण सहित अन्य पवित्र ग्रंथों में मिलता है और उनका नाम इस क्षेत्र की आध्यात्मिक विरासत से जुड़ा हुआ है।
अधिवक्ता संघ ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा उपलब्ध कराएगी। उनका कहना है कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और चित्रकूटधाम मण्डल के विकास को भी नई गति मिलेगी।
