*लो वोल्टेज व बिजली संकट को लेकर जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह पटेल ने विद्युत अधीक्षण अभियंता बांदा को सौंपा ज्ञापन*

Blog

    निज संवाददाता की रिपोर्ट

*बाँदा,  :- बबेरू विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से व्याप्त लो वोल्टेज एवं अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह पटेल ने शुक्रवार को बिजली विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर तत्काल समाधान की मांग उठाई।
अरुण सिंह पटेल ने विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल, बाँदा को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बबेरू, बिसंडा, मुरवल, मर्का, जामू, मुसिवां, वीरा, कमासिन, ओरन, सिमौनी, समगरा एवं पखरौली विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त लो वोल्टेज और बदहाल बिजली व्यवस्था का उल्लेख किया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों की बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे धान की रोपाई प्रभावित हो रही है और आमजन भी परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि सभी संबंधित विद्युत उपकेंद्रों की तत्काल तकनीकी जांच कर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं तथा सभी क्षेत्रों में पर्याप्त वोल्टेज और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद उन्होंने बबेरू पावर हाउस एवं मुरवल पावर हाउस के एसडीओ से मुलाकात कर क्षेत्र में किसानों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि धान की रोपाई के इस महत्वपूर्ण समय में कम वोल्टेज के कारण किसानों के ट्यूबवेल नहीं चल पा रहे हैं, जिससे सिंचाई कार्य बाधित हो रहा है और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल तकनीकी सुधार कर पर्याप्त वोल्टेज के साथ नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

अरुण सिंह पटेल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी जनअसंतोष या किसानों की आर्थिक क्षति की जिम्मेदारी विद्युत विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *