सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट
उरई।माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के क्रम में ग्राम मडोरा में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल एवं अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विद्यालय का निर्माण कार्यदायी संस्था यू.पी.पी.सी.एल. द्वारा लगभग 24 करोड़ 2 लाख 49 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है। परियोजना को अक्टूबर 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवन, कॉलम का कार्य सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी तथा कार्य में और अधिक तेजी लाकर समयबद्ध रूप से इसे पूर्ण कराया जाए। उन्होंने नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि यह विद्यालय जनपद के शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। यहां विद्यार्थियों को स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, समृद्ध पुस्तकालय, डिजिटल शिक्षण संसाधन, मिनी स्टेडियम, खेल मैदान, बहुउद्देशीय गतिविधि कक्ष, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा सुरक्षित एवं प्रेरणादायी शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। इन अत्याधुनिक सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में महानगरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी तथा उनके बौद्धिक, शारीरिक एवं व्यक्तित्व विकास को नई दिशा मिलेगी।उन्होंने कहा कि विद्यालय के संचालन से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, खेल गतिविधियों और तकनीकी संसाधनों का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा एवं भविष्य के करियर के लिए मजबूत आधार तैयार होगा। साथ ही क्षेत्र के अभिभावकों को भी अपने बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए बाहर भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा करते हुए इसे गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कराया जाए, ताकि निर्धारित अवधि में विद्यालय विद्यार्थियों के लिए संचालित किया जा सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
