राघवेन्द्र शर्मा
उरई (जालौन)। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 22 फरवरी 2026 (रविवार) को विशेष अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक जनपद के सभी 1624 मतदेय स्थलों पर संचालित होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करना तथा किसी भी पात्र मतदाता को मताधिकार से वंचित न रहने देना है। जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनसामान्य से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम सूची में अंकित नहीं है तो वह घोषणा पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर संबंधित बीएलओ के माध्यम से आवेदन कर सकता है अथवा ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in पर आवेदन कर सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को कहा कि जो नागरिक 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं अथवा वर्ष 2026 की आगामी अर्हता तिथियों—01 अप्रैल, 01 जुलाई या 01 अक्टूबर 2026—को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले हैं, वे भी अग्रिम रूप से दावा प्रस्तुत कर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु प्रपत्र-6, नाम विलोपन अथवा आपत्ति के लिए प्रपत्र-7 तथा प्रविष्टियों में संशोधन/स्थानांतरण हेतु प्रपत्र-8 का उपयोग किया जाएगा। संबंधित प्रपत्र ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नागरिकों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने हेतु सक्रिय सहभागिता अपील की।
